चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार अपने प्रमुख कार्यक्रम ‘शिक्षा क्रांति’ के तहत प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में डिजिटल बदलाव लाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। इसी दिशा में इस वर्ष की शुरुआत में लगभग 396 करोड़ रुपये के निवेश से 40,003 डेस्कटॉप कंप्यूटर उपलब्ध करवाए गए। अब इस पहल के दूसरे चरण का विस्तार किया जा रहा है, जिसके तहत सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए 16,180 और डेस्कटॉप कंप्यूटर उपलब्ध करवाए जाएंगे
इस संबंध में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हर बच्चा, चाहे उसकी पृष्ठभूमि कोई भी हो, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और उससे जुड़े अवसरों तक पहुंच का हकदार है। पंजाब शिक्षा क्रांति के माध्यम से हम सरकारी स्कूलों में महत्वपूर्ण बदलाव ला रहे हैं और कक्षाओं को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित कर रहे हैं। हमारा दृष्टिकोण बिल्कुल स्पष्ट है कि पंजाब के प्रत्येक बच्चे के पास बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए आवश्यक संसाधन, आत्मविश्वास और समान अवसर होने चाहिए।”
कंप्यूटर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पहले चरण के तहत 3,694 सरकारी स्कूलों में 8,268 इंटरएक्टिव फ्लैट पैनल (आईएफपीज़) उपलब्ध करवाए गए हैं। इससे प्रदेश भर की कक्षाओं में तकनीक आधारित शिक्षण उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित हुई है। यह डिजिटल बुनियादी ढांचा शिक्षकों को दैनिक शिक्षण कार्य में मल्टीमीडिया संसाधनों, डिजिटल सामग्री और वास्तविक समय के प्रदर्शन को शामिल करने में मददगार साबित होगा। इससे कक्षाओं में पढ़ाई की प्रक्रिया अधिक प्रभावी, रोचक और ज्ञानवर्धक बनाई जा सकेगी।
