फिरोजपुरः दीपावली की रात शहर के पायलट चौक के पास तेज रफ्तार सियाज कार और एक्टिवा की टक्कर हो गई। इस घटना में गाड़ी चालक एक्टिवा घसीटकर 4 किलोमीटर तक घसीटता ले गया। मिली जानकारी के अनुसार एक्टिवा सवर पटाखे खरीदकर घर लौट रहा था, इस दौरान पायलट चौक पर यह हादसा हो गया। जहां कार ने मनप्रीत सिंह की एक्टिवा को टक्कर मार दी। मनप्रीत ने बताया कि हादसे दौरान एक्टिवा कार के नीचे फंस गई।
इस दौरान कार चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। गनीमत यह रही कि स्कूटी सवार हादसे में बच गया। पायलट चौक से लेकर किल्ले वाला चौक तक कार एक्टिवा को करीब 4 किलोमीटर तक सड़क पर घसीटती हुई ले गई, जिससे पूरे रास्ते चिंगारियां निकलती रहीं। राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों ने कार को रोकने और चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चालक गाड़ी भगाता रहा। किल्ले वाला चौक के पास एक्टिवा को छोड़कर आरोपी चालक कार सहित फाजिल्का रोड की ओर फरार हो गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार का पीछा किया और किल्ले वाला चौक से एक्टिवा को कब्जे में ले लिया। ट्रैफिक पुलिस के एएसआई तरसेम सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में कार शांति नगर के एक निवासी की पाई गई है। पुलिस कार के नंबर के आधार पर जांच कर रही है और चालक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
