पटनाः मोकामा में बाहुबली के नाम से चर्चित विधायक अनंत सिंह अक्सर सुर्खियां बटोरते रहते हैं। पिछले कुछ समय से अनंत सिंह अपनी बेटी शिवांगी की शादी को लेकर चर्चा में हैं। कहा जा रहा है कि यह शादी एक शाही शादी होगी और इसमें कई जानी-मानी हस्तियां बतौर मेहमान शामिल होंगी। इस बात की भी चर्चा अब हो रही है कि अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी में अपने दामाद को महंगी और बेहद ही लग्जरी कार लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट कर सकते हैं। डिफेंडर की कीमत डेढ़ करोड़ से 2 करोड़ रुपए के बीच बताई जा रही है।
अनंत सिंह के दामाद का नाम ऋषिकेश कुमार है। ऋषिकेश पटना से सटे बिहटा के रहने वाले हैं। ऋषिकेश कुमार अमेरिका में रहते हैं। बताया जा रहा है कि अनंत सिंह अपने दामाद को यह डिफेंडर गिफ्ट करेंगे। ये गाड़ी पटना में आ चुकी है और अनंत सिंह के आवास पर खड़ी भी है। जाहिर है यह गाड़ी 25 नवंबर को अनंत सिंह के गांव नदावां में होने वाली शादी में खास आकर्षण का केंद्र होगी।
अनंत सिंह की बेटी की शादी में करीब 10 बीघा जमीन पर टेंट-पंडाल लगाया गया है। यह पंडाल यूपी के मऊ से आए कारीगर लगा रहे हैं। इस ग्रैंड वेडिंग में दुबई से जहां 6 मॉडलों के आने की चर्चा है तो वहीं बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्मों की कई हस्तियां भी शादी में नजर आ सकती हैं। अनंत सिंह ने खुद कहा है कि वो लालू-नीतीश के अलावा पीएम मोदी को भी बेटी की शादी में आने का न्योता भेंजेंगे। इसके अलावा विधायक ने कहा कि हिन्दुस्तान के अलावा पाकिस्तान से भी लोग उनकी बेटी की शादी में पहुंचेंगे।
कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया जा रहा है कि शादी में आने वाले मेहमानों के लिए करीब 150 से ज्यादा पकवान बनवाए गए हैं। इसके अलावा कहा जा रहा है कि शादी में करीब 4 लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है।
