फगवाड़ाः शहर में 116 साल पुराने ऐतिहासिक शिरोमणि श्री विश्वकर्मा मंदिर में विश्वकर्मा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। जहां भगवान विश्वकर्मा दिवस के अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी फगवाड़ा स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान विश्वकर्मा जी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। यह कार्यक्रम प्राचीन श्री विश्वकर्मा मंदिर (बंगा रोड, फगवाड़ा) में आयोजित हुआ, जहां कारीगरों, मजदूरों और उद्योगों से जुड़े लोगों ने अपनी मशीनरी और औजारों की पूजा की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कारीगरों और शिल्पकारों के हुनर का सम्मान करने तथा उनकी कड़ी मेहनत (किरत) के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। इस दौरान मंदिर में मौजूद संगत ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संगत को दिवाली, विश्वकर्मा दिवस और आने वाले अन्य त्योहारों की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए अपनी सरकार की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 30 लाख कारीगर जुड़ चुके हैं। हरियाणा सरकार ने मुख्यमंत्री विश्वकर्मा सम्मान योजना के माध्यम से इसमें ₹5,000 अतिरिक्त जोड़कर कारीगरों को सम्मान और आर्थिक संबल दिया है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डायलिसिस का इलाज मुफ्त करने का ऐलान भी किया। वहीं, हरियाणा की राजनीतिक स्थिति पर बात करते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि अगली बार भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उनके इस दौरे के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की मौजूदगी रही।
