ऊना,सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना की रोवर्स एवं रेंजर्स इकाई की परिचयात्मक बैठक रोवर स्काउट लीडर डॉ. शाम सिंह बैंस एवं रेंजर लीडर डॉ. श्रेयसी सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए नवप्रवेशित रोवर्स एवं रेंजर्स का स्वागत किया गया तथा उन्हें वर्षभर आयोजित होने वाली प्रशिक्षण, सेवा एवं साहसिक गतिविधियों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर रोवर सोनू सिंह को रोवर लीडर तथा रेंजर रिया को रेंजर लीडर नियुक्त किया गया। डॉ. शाम सिंह बैंस ने कहा कि रोवरिंग एवं रेंजेरिंग युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, सेवा भावना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करती है और विद्यार्थियों से सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। रेंजर लीडर डॉ. श्रेयसी सिंह ने विद्यार्थियों को समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ रोवर्स एवं रेंजर्स ने पिछले वर्ष के अपने अनुभव साझा कर नवप्रवेशित सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
महाविद्यालय की प्राचार्या एवं ग्रुप लीडर डॉ. मीता शर्मा ने नव-नियुक्त रोवर लीडर सोनू सिंह एवं रेंजर लीडर रिया को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई टीम सेवा, नेतृत्व और अनुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए महाविद्यालय का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेगी

