विद्यार्थियों को नशे और साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
ऊना,सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा चलाए जा रहे “एंटी चिट्टा अभियान” के तहत शुक्रवार को जिले के दो शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना रहा। इस अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना श्री संजीब कुमार भाटिया ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसाल तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एलआर) सुरेंद्र शर्मा ने राजकीय उच्च पाठशाला झोड़ोवाल का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को नशे के खिलाफ जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को चिट्टा (हेरोइन) सहित विभिन्न मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए NDPS Act के महत्वपूर्ण प्रावधानों, मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों में होने वाली कानूनी कार्रवाई और दंड के बारे में भी अवगत करवाया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सजग रहने तथा समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों, साइबर अपराधों से बचाव, तथा सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अन्य उपस्थित प्रतिभागियों को “एंटी चिट्टा शपथ” दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के विरुद्ध जागरूक करने का संकल्प लिया।
जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। पुलिस ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को मादक पदार्थों अथवा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री, तस्करी या भंडारण की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

