बेंगलुरुः कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन SIR सर्वे के दौरान सरकारी अधिकारियों पर हमला कर दिया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर यह हमला तब हुआ जब वह बेंगलुरु में बूथ स्तर के अधिकारियों की निगरानी कर रहे थे। आरोपियों की पहचान दस्तगीर (22) और यारब (21) के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता पकीरप्पा कर्नाटक स्लम डेवलपमेंट बोर्ड में अधीक्षक हैं, उन्हें पुलकेशिनगर राजस्व कार्यालय द्वारा वार्ड नंबर 47 में एसआईआर का काम करने वाले बूथ-स्तरीय अधिकारियों के लिए पर्यवेक्षक अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था।
एफआईआर के अनुसार, यह घटना रोशन नगर के कौसर मस्जिद के पास घटी। पुलिस के मुताबिक, स्लम डेवलपमेंट बोर्ड के अधीक्षक फकीरप्पा समेत सरकारी अधिकारी मतदाता सूची के स्पेशल रिवीजन का काम कर रहे थे। इसी दौरान दास्तागीर नाम का एक शख्स वहां पहुंचा और SIR फॉर्म की मांग करने लगा।
अधिकारियों ने उसे बताया कि वह अपना निवास जयनगर स्थानांतरित कर चुका है, इसलिए उस इलाके में उसे फॉर्म जारी नहीं किया जा सकता। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दास्तागीर और उसके साथी यारब ने फकीरप्पा के साथ मारपीट की और उनके चेहरे पर मुक्का मार दिया और इस घटना में उसे मुंह से खून बहने लगा। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि दूसरे आरोपी ने उनकी आंख के पास और पीठ पर वार किया जिससे उन्हें चोटें आईं। स्थानीय निवासियों के हस्तक्षेप और शामिल लोगों को अलग करने के बाद यह हमला समाप्त हुआ। घटना के बाद सरकारी अधिकारियों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद डीजे हल्ली पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं था। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है।

