ऊना, सुशील पंडित: जिला ऊना के अम्ब क्षेत्र में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल चालक घायल हो गया। यह हादसा 30 जुलाई की रात को पंजोआ-लडोली में हुआ। पुलिस थाना अम्ब से मिली जानकारी के अनुसार, एक कार चालक ने कथित तौर पर अपनी कार को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सामने से आ रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक सुनील कुमार निवासी टकारला, तहसील अम्ब, जिला ऊना घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने कार के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) तथा मोटर वाहन अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

