ऊना,सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा निदेशालय द्वारा “हिमाचल प्रदेश राज्य शिक्षक सम्मान-2026” के लिए आवेदन एवं नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। यह सम्मान आगामी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदान किए जाएंगे।
उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ऊना सोमलाल धीमान ने बताया कि जिला ऊना के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत पात्र शिक्षक, मुख्याध्यापक तथा प्रधानाचार्य निर्धारित प्रपत्र में अपने आवेदन अथवा नामांकन प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन संबंधित पात्र अभ्यर्थी स्वयं अथवा अपने नियंत्रक अधिकारी के माध्यम से भेज सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पूर्ण रूप से भरे गए आवेदन/नामांकन पत्र आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं सहायक दस्तावेजों सहित निर्धारित ई-मेल आईडी teachersawarddsehp@gmail.com पर 8 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन भेजने होंगे। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले अथवा अपूर्ण आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। धीमान ने बताया कि अधिक जानकारी एवं निर्धारित आवेदन प्रारूप के लिए अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट www.ddeeuna.in का अवलोकन कर सकते हैं।

