पंचकूलाः चंडीमंदिर थाना के बाहर मुख्य मार्ग पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जहां, चंडीगढ़ से मरीज छोड़कर लौट रही पारस अस्पताल की एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। मिली जानकारी के अनुसार पारस हॉस्पिटल की एंबुलेंस सेक्टर-32, चंडीगढ़ से मरीज को छोड़कर वापस आ रही थी। गाड़ी में चालक जतिन और विक्रम सवार थे। जैसे ही एंबुलेंस थाना चंडीमंदिर के बाहर पहुंची, अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दोनों साथियों को गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी।
आग इतनी भयावह थी कि अस्पताल स्टाफ द्वारा चलाए गए 10 फायर एक्सटिंग्विशर भी इसे बुझा नहीं सके। गाड़ी में रखे 2 ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से बाल-बाल बचे, नहीं तो और बड़ा हादसा हो सकता था।
दमकल विभाग की गाड़ी जब तक मौके पर पहुंची, तब तक एंबुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। गाड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
