नई दिल्ली: दिल्ली में रविवार को दीवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। दिल्ली के लोगों ने जमकर पटाखे चलाए जिसके बाद प्रदूषण का स्तर काफी ज्यादा बढ़ गया। पीटीआई की रिपोर्ट्स की मानें तो इस दीवाली ने पिछले पांच सालों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। ऐसे में इस साल भी दीवाली पर सबसे ज्यादा प्रदूषण रहा।
दिल्ली में दीवाली पर करीबन 376 एक्यूआई दर्ज किया। दीवाली के अगले दिन यानी की आज भी लगभग स्थिति वैसी ही थी। सुबह 10 बजे तक पूरा शहर धुएं की सफेद चादर से ठका हुआ था। इस दौरान एक्यूआई 371 दर्ज किया गया। वहीं 2021 के बाद इस दीवाली में दर्ज किया गया एक्यूआई सबसे ऊंचे स्तर पर रहा।
एक्यूआई की स्थिति हुई खराब
दिल्ली में 51 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर दर्ज किए गए डेटा के अनुसार, 14 स्टेशनों पर एक्यूआई गंभीर श्रेणी और बाकी स्टेशनों पर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया इसमें से सबसे ज्यादा एक्यूआई दिल्ली टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी में 439 दर्ज किया गया है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा रहा प्रदूषण
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अनुसार, दीवाली के दिन 2021 के बाद अब इस साल एक्यूआई 376 रहा। वहीं 2021 में दिल्ली में 382 एक्यूआई दीवाली के दिन दर्ज किया गया। हर साल दीवाली अक्टूबर या नवंबर महीने में मनाई जाती है। इसके बाद दिल्ली के प्रदूषण स्तर में भारी इजाफा होता है।
ज्यादा हो सकता है एक्यूआई का स्तर
एक्सपर्ट्स के अनुसार, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आधिकारिक आंकड़ों में दीवाली की रात 1 बजे दिल्ली में PM 2.5 का औसत स्तर 592 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था। यह 24 घंटे के निर्धारित मानक से कऱीबन 10 गुना था। हालांकि उनका अनुमान है कि जिन मॉनिटरिंग स्टेशनों ने लगातार आंकड़े दर्ज किए। उनके आधार पर प्रदूषण का वास्तविक उच्चतम स्तर करीब 800 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया।
