पंचकूलाः त्योहारों के मद्देनजर पंचकूला पुलिस द्वारा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार नाकाबंदी एवं संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमें विशेष सतर्कता बरतते हुए अवैध शराब की तस्करी सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही हैं। इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच-3 की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित 27 पेटी अंग्रेजी शराब और बीयर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फोर्ड इको स्पोर्ट्स गाड़ी को भी कब्जे में लिया है।
एसीपी क्राइम अमन कुमार के अनुसार 7 नवंबर 2026 को क्राइम ब्रांच-3 की टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि फोर्ड इको स्पोर्ट्स कार में अवैध रूप से शराब लोड करके डंपिंग ग्राउंड सेक्टर-23 पंचकूला से रामगढ़ के रास्ते आगे ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच-3 प्रभारी राजेश कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम गठित की गई और डंपिंग ग्राउंड के नजदीक नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई।
इसी दौरान रात करीब 10 बजे घग्गर नदी के पुल की तरफ से संदिग्ध फोर्ड इको स्पोर्ट्स गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी पुलिस नाका देखकर गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए सरकारी वाहन से गाड़ी का पीछा किया। आरोपी मुख्य सड़क से गाड़ी को सेक्टर-26 स्थित हर्बल पार्क की तरफ मोड़कर आगे की ओर जाने वाले रास्ते पर ले गए।
पुलिस टीम ने पीछा जारी रखते हुए रास्ता रोककर गाड़ी में सवार दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर गाड़ी चालक की पहचान दीप सिंह जिला कुरुक्षेत्र, उम्र 40 वर्ष तथा दूसरे आरोपी की पहचान शुभम निवासी जिला कुरुक्षेत्र, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस टीम द्वारा गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 27 पेटी शराब बरामद हुई। इसमें 6 पेटी इम्पीरियल ब्लू, 4 पेटी रॉयल जनरल, 5 पेटी मैकडॉवेल्स, 8 पेटी रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब तथा 4 पेटी किंगफिशर बीयर शामिल थीं। सभी पेटियों में 12-12 बोतलें थीं। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फोर्ड इको स्पोर्ट्स गाड़ी को भी कब्जे में लिया।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार इस संबंध में थाना चंडीमंदिर में हरियाणा संशोधित आबकारी अधिनियम की धारा 61(1)(A) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आज अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने शराब चंडीगढ़ स्थित एक ठेके से खरीदी थी। अब पुलिस शराब बेचने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने तथा आरोपियों से शराब खरीदने वाले व्यक्ति तक पहुंचने के प्रयास कर रही है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़कर अवैध शराब की खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
