फगवाड़ाः ब्रिटेन में एक मकान में लगी भीषण आग में फगवाड़ा निवासी महिला डॉक्टर शिवानी की मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। मृतका के पिता डॉ. केके वर्मा ने मामले में घरेलू उत्पीड़न और साजिश की आशंका जताते निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं उनके ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों को खारिज करते आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट या रूम हीटर में खराबी को बताया है।
ब्रिटेन में देर रात दंपती के घर में अचानक आग लग गई। मकान से धुआं निकलता देख पड़ोसियों ने आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल और बचाव टीम ने घर के अंदर फंसे दंपती को बाहर निकाला। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसने और धुएं के कारण दम घुटने से डॉ. शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं मामले में अब लड़की के पिता डॉक्टर केके वर्मा ने बताया कि बेटी शिवानी वर्मा इंग्लैंड में रहती है, जिसकी घर में आग लगने से उसका दम घुट गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी के पति ने ही घर में आग लगाकर बेटी को मार दिया है। आरोपी दिलावर ने पूरे परिवार को बेटी के फोन से ब्लॉक करवा रखा है और उससे मारपीट करता है। साथ ही बताया कि आरोपी का भाई हमे धमकिया दे रहा है। उन्होंने बताया कि परिवार कोशिश कर रहा है कि बेटी को भारत में लाया जाए ताकि उसका अंतिम संस्कार धार्मिक रीति-रिवाजों से किया जा सके। उन्होंने मांग की है कि परिवार को इंसाफ दिया जाए।
मृतका का भाई डॉक्टर ललित वर्मा ने बताया कि सोमवार को हमे इंग्लैंड की पुलिस का फोन आया था, जिन्होंने हमारी मां से बात करवाने के लिए बोला। पुलिस ने मां को बताया कि आपकी बेटी को कोमा में एडमिट हैं। उन्होंने बताया था कि बहन के साथ मारपीट की गई है। जिसकी मंगलवार मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसकी शादी 2023 में हुई थी, जिसके बाद वह इंग्लैंड में रह रही थी।
भाई ने बताया कि वह रखड़ी पर बहन के पास गया था, जहां उसने देखा कि बहन की घर में हालत खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि जीजा बहन के साथ बहुत मारपीट करता था, रखड़ी पर भी बहन की टांग टूटी पड़ी थी, साथ ही उसकी आंखें पर भी मारपीट के निशान थे। उन्होंने बताया कि बहन अलग रहती थी। आरोपी जीजा ने उसे विश्वास दिलाया कि वह उसके साथ मारपीट नहीं करेगा और उसके साथ रहेगा। लेकिन जीजा नशे करने से बाज नहीं आया उसने नशे में बहन से मारपीट कर उसे मार दिया। बताया जा रहा है कि लड़के के माता-पिता यहां रहते है। उन्होंने भी हमारा फोन नहीं उठाया और बहन ने लव मैरिज की थी। हम शादी में नहीं गए थे। साथ ही बहन ही जीजा को बाहर लेकर गई थी। बहन घर में अकेली थी। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई कि जीजा के परिवार पर पुलिस कार्रवाई करे और आरोपी को गिरफ्तार करे ताकि हमें इंसाफ मिल सके। बताया कि आरोपी बहने के पैसे से गांव में कोठी बना रहा है।
