2 अवैध पिस्टल और बाइक बरामद, हाथापाई में पुलिसकर्मी भी घायल
पंचकूलाः पंचकूला में अपराधियों पर शिकंजा कसने और लूट, स्नैचिंग व चोरी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रायपुर रानी क्षेत्र के टाबर गांव में पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-1 की टीम और लूट की वारदातों में संलिप्त बताए जा रहे तीन आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई।
मुठभेड़ के दौरान दोनों पक्षों की ओर से कुल 9 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें पुलिस ने 5 और आरोपियों ने 4 राउंड फायर किए। पुलिस ने कार्रवाई करते तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। इस दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि आपसी हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने हेड कांस्टेबल जसविंदर पर चाकू से वार कर दिया। घायल पुलिसकर्मी और दोनों घायल आरोपियों का उपचार चल रहा है।
इस संबंध में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तीनों आरोपी क्षेत्र में अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
सूचना के आधार एसीपी क्राइम अमन कुमार व क्राइम ब्रांच-1 की टीम ने इंचार्ज मनोज की अगुवाई में आरोपियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की और तत्परता से कार्रवाई करते तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दीपक और अमितेश के पैर में एक-एक गोली लगी है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक निवासी अंबाला, अमितेश निवासी अंबाला और लखविंदर निवासी कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी पिछले कुछ समय से पंचकूला के रायपुर रानी और चंडीमंदिर क्षेत्र में लूट, स्नैचिंग और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और एक बाइक बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और पंजाब में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट और स्नैचिंग जैसी वारदातों से संबंधित करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा आरोपी कुरुक्षेत्र में भी वांछित बताए जा रहे हैं।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने आगे बताया कि मुठभेड़ के दौरान हाथापाई में आरोपी लखविंदर ने हेड कांस्टेबल जसविंदर पर चाकू से वार कर दिया, जिससे पुलिसकर्मी घायल हो गया। घायल पुलिसकर्मी का भी उपचार जारी है। पुलिस द्वारा मामले की आगामी जांच की जा रही है। दोनों घायल आरोपियों की स्थिति सामान्य होने के बाद उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी, ताकि उनके आपराधिक नेटवर्क, अन्य वारदातों में संलिप्तता और बरामद हथियारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन का संदेश: पंचकूला में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। लूट, स्नैचिंग, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पंचकूला पुलिस की सभी क्राइम यूनिट्स और थाना पुलिस को सतर्कता, त्वरित कार्रवाई तथा आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।