लुधियानाः शनिवार को सरेआम हुई वारदात ने पूरे शहर को दहला कर रख दिया है। डाबा थाना इलाके की गली नंबर 4 लुहारा कॉलोनी में बदमाशों ने घर में घुसकर 40 वर्षीय शक्ति सिंह उर्फ भूरा की हत्या कर दी। इस मामले में अब पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही घटना का एक CCTV वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसने वारदात की जानकारी को बेनकाब कर दिया है।
वारदात के बाद पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले जिसमें एक वीडियो सामने आया है। फुटेज में 4 लड़के बाइक से भागते हुए नजर आ रहे हैं। इनमें से एक बदमाश के हाथ में नंगी तलवार साफ चमकती हुई देखी जा सकती है। वीडियो में नजर आ रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद एक युवक चादर लेकर वापस नीचे आता है। इसके तुरंत बाद खौफ फैलाते सभी आरोपी एक बाइक पर सवार होकर तेजी से मौके से फरार हो जाते हैं। इस फुटेज के आधार पर ही पुलिस आरोपियों की शिनाख्त कर उन तक पहुंचने में कामयाब हो रही है।
24 अक्टूबर शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि एक मकान में हिंसक वारदात हुई है। जब डाबा थाने के SHO इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था।
जानकारी के मुताबिक बदमाश हथियार लेकर सीधे शक्ति सिंह उर्फ भूरा के घर में घुसे थे। उन्होंने भूरा को घर में ही घेर लिया। खुद को बचाने के लिए भूरा ने जब अपना हाथ आगे किया तो हमलावरों ने पूरी ताकत से तलवार का वार किया, जिससे उसका दायां हाथ कटकर शरीर से अलग जा गिरा। भूरा को बचाने आए मकान मालिक के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। इसके बाद हमलावरों ने अपने क्रूरता दिखाते घर से ही एक प्लास्टिक की थैली उठाई, उसमें भूरा का कटा हुआ हाथ डाला और वहां से निकल गए। ज्यादा खून बह जाने के कारण अस्पताल पहुंचने पर भूरा ने दम तोड़ दिया।
इस वारदात में बदमाशों को दुस्साहस रोंगटे खड़े करने वाला था। भूरा का हाथ काटने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर रेडो साहब गुरुद्वारा की बैकसाइड वाली बंद गली से होते 800 मीटर दूर बसंत नगर और सतगुरु नगर की नुक्कड़ पर स्थित एक किराने की दुकान पर पहुंचे।
चश्मदीद दुकानदार ने पुलिस को बताया कि बाइक सवार नौजवान पूरी तरह नशे में धुत थे। उन्होंने डरा-धमका कर कटे हाथ वाली वह प्लास्टिक की थैली दुकानदार को पकड़ा दी और कहा ये उनके घर दे आना। डर के मारे दुकानदार ने थैली ले ली, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
इस हत्याकांड के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते मामला दर्ज कर लिया है। FIR के अनुसार भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(2), 191(3) और 190 के तहत दर्ज किया गया है। इस हत्याकांड में 7 आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इन आरोपियों की पहचान दलवीर, राहुल बेवड़ा, विक्की कारपेंटर, माणा, गगन ढिल्लों, लाडो और मनी बाशा के रूप में हुई है। SHO इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में यह हत्या आपसी रंजिश (गैंगवार) का नतीजा लग रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक शक्ति सिंह उर्फ भूरा (पिता- चन्नू सिंह) अविवाहित था और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह कुछ दिन पहले ही जेल से अपनी सजा काटकर बाहर आया था। भूरा पर पहले से ही अलग-अलग थानों में करीब 12 मामले दर्ज थे। वहीं इस खूनी खेल को अंजाम देने वाले हमलावरों का भी पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है।
इलाके में फैली दहशत के बीच लुधियाना पुलिस ने एक्शन लेते नामजद आरोपियों में से 2 को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी बचे फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी फरार आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।