चंडीगढ़ः न्यू चंडीगढ़ के ओमैक्स चौक पर एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक ट्राले की चपेट में आने से एक्टिवा सवार दो युवतियां गंभीर हादसे का शिकार हो गईं। इस दुर्घटना में 19 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ये हादसा न्यू चंडीगढ़ के ओमैक्स चौक के नजदीक पीआर-7 और पीआर-4 सड़क पर उस समय हुआ, जब एक्टिवा पर सवार दो युवतियां कहीं जा रही थी। इसी दौरान वे एक ट्राले की चपेट में आ गईं। हादसा इतना दर्दनाक था कि एक युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी देते पुलिस अधिकारी एएसआई बलराज सिंह ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली युवती की पहचान 19 वर्षीय सुमन निवासी गांव सलामतपुर (न्यू चंडीगढ़) के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवती की पहचान 18 वर्षीय अमनप्रीत कौर निवासी गांव रसूलपुर (न्यू चंडीगढ़) के रूप में हुई है। दोनों युवतियां एक्टिवा पर सवार होकर जा रही थी, तभी ओमैक्स चौक के नजदीक यह हादसा हो गया।
गौरतलब है कि न्यू चंडीगढ़ का ओमैक्स चौक पहले भी कई बड़े सड़क हादसों के कारण चर्चा में रह चुका है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस चौक पर पहले भी कई दर्दनाक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें अनेक लोगों की जान जा चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के कारण स्थानीय लोग इस स्थान को ‘खूनी चौक’ के नाम से भी पुकारते हैं। ताजा हादसे ने एक बार फिर इस चौक पर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अधिकारी एएसआई बलराज सिंह ने बताया कि हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्राले और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। संबंधित पक्षों के बयान दर्ज करने के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।