फगवाड़ा/राजेश कुमारः हलका फगवाड़ा के गांव मस्त नगर में आम आदमी पार्टी को उस समय बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली, जब गांव की सरपंच सुखविंदर कौर ने सभी पंचायत सदस्यों और सैकड़ों समर्थकों के साथ अपनी पुरानी पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया। सांसद एवं आम आदमी पार्टी के फगवाड़ा हलका इंचार्ज डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने सरपंच सुखविंदर कौर और उनके साथ पार्टी में शामिल हुए सभी साथियों का स्वागत करते हुए इसे पार्टी की जनहितकारी नीतियों और विकास कार्यों के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया।
सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का परिवार लगातार मजबूत हो रहा है और विभिन्न गांवों तथा शहरों से लोग पार्टी की विचारधारा और जनकल्याणकारी नीतियों से प्रभावित होकर इसके साथ जुड़ रहे हैं। मस्त नगर की सरपंच सहित पूरी पंचायत और बड़ी संख्या में लोगों का पार्टी में शामिल होना इस बात का प्रमाण है कि आम लोग विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनसेवा की राजनीति को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार गांवों और शहरों के सर्वपक्षीय विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सरकार की प्राथमिकता आम नागरिकों को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, साफ-सुथरा वातावरण, सड़कें, पेयजल, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के बिना पंजाब की तरक्की की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए गांवों में विकास कार्यों को गति देना और लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है।
सांसद डॉ. चब्बेवाल ने कहा कि सरपंच सुखविंदर कौर और उनके साथियों के अनुभव तथा सहयोग से गांव मस्त नगर के विकास को नई दिशा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी नए सदस्यों को भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा और सभी को साथ लेकर जनहित के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने आह्वान किया कि पार्टी में शामिल हुए सभी साथी मिलकर गांव मस्त नगर की तरक्की, युवाओं के बेहतर भविष्य और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि राजनीति का असली उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि लोगों की सेवा और क्षेत्र का विकास होना चाहिए।
