पंचकूलाः जिले में हुई तेज बारिश के चलते लोगों के जान-माल पर संकट खड़ा हो गया। पंचकूला में हो रही लगातार बारिश के चलते घग्गर नदी पूरे उफान पर है। इससे जगह-जगह जल-भराव की स्थिति बन गई। वहीं, पानी के तेज बहाव में पंचकूला सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी से होकर निकलने वाले बरसाती नाले में 2 व्यक्ति बह गए। इनमें से एक व्यक्ति कड़ी मशक्कत से किसी तरह खुद को बचाते हुए नाले से बाहर निकलने में कामयाब रहा, लेकिन दूसरा व्यक्ति चंद सेकेंड में ही बह गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी।
पानी में बहने वाले व्यक्ति की पहचान राजीव कॉलोनी निवासी राजेश के रूप में हुई है। उसके साथ मौजूद रणधीर ने पुलिस को बताया कि दोनों राजीव कॉलोनी में बने बरसाती नाले के पास खड़े थे। इसी दौरान राजेश का पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरा। उसे बचाने के लिए रणधीर भी पानी में उतरा, लेकिन वह समय रहते बाहर निकल आया। इसके बाद राजेश पानी के तेज बहाव में बह गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और राजेश की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
कॉलोनी और आसपास के लोग बारिश से नाले में आए तेज बहाव को रेत और पत्थरों की बोरियां लगाकर कम करने के प्रयास में भी जुटे रहे, लेकिन घग्गर नदी के उफान पर होने के चलते पानी का बहाव लगातार तेज बना हुआ है। इससे राजीव कॉलोनी वासियों और आसपास के अन्य लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। नतीजतन पुलिस-प्रशासन द्वारा लोगों से नदी-नालों और पुलों के आसपास न जाने की अपील की जा रही है।
वहीं, पंचकूला के बरवाला क्षेत्र में गांव खटौली से होकर बहने वाली नदी पर बने पुल का हिस्सा भी भारी बारिश और नदी के बढ़े जल स्तर के तेज बहाव में बह गया। पुल का एक हिस्सा धंसने के कारण बड़ा गढ्ढा बन गया है, जिससे वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों के हादसे का शिकार होने की संभावना बढ़ गई है। नतीजतन, पंचकूला पुलिस-प्रशासन ने एहतियातन पुल को दोनों ओर से बंद कर दिया है, ताकि यातायात को रोक कर किसी अप्रिय घटना/हादसे को रोका जा सके।
क्योंकि इस रास्ते से रात के समय भी कई वाहन चालक आवाजाही करते हैं। इसके अलावा पंचकूला स्थित गुरुद्वारा नाडा साहिब के पास पुलिस ट्रेनिंग कैंप का एक पुल भी बह गया। नतीजतन पंचकूला प्रशासन समूचे जिले की स्थिति की सूचना रिपोर्ट हासिल कर रहा है। पंचकूला के मेयर शाम लाल बंसल ने भी तेज बारिश से हुए जलभराव और सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी के बरसाती नाले में हुए हादसे की जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को बिना समय गंवाए लोगों की राहत के लिए आवश्यक बंदोबस्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निगम अधिकारियों से समूचे जिले की स्थिति की रिपोर्ट भी मांगी है।

