पंचकूलाः हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने आज लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में अवैध कब्जे से संबंधित मामले में कड़ा संज्ञान लेते हुए नगर परिषद कालका के कनिष्ठ अभियंता (जेई) और म्युनिसिपल इंजीनियर (एमई) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कुल सात शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से पांच का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष दो शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर उपायुक्त सतपाल शर्मा, राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, महापौर श्याम लाल बंसल और हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
गांव टगरा कली राम, तहसील कालका के एक निवासी ने शिकायत में बताया कि नगर परिषद कालका के अधीन गांव के आसपास की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जे कर मकान, दुकानें और बाड़े बना रखे हैं। इस संबंध में शिकायत दिए जाने के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्रवाई नहीं की गई। शिकायतकर्ता ने जमीन की निशानदेही करवाकर अवैध कब्जे हटवाने की मांग की।
इस पर नगर परिषद कालका के अधिकारी ने मंत्री को अवगत करवाया कि संबंधित जमीन की पैमाइश करवाई गई है और वहां अवैध कब्जे पाए गए हैं। अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर अवैध कब्जे हटवाने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने जेई और एमई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
पिंजौर की रतपुर कॉलोनी के एक निवासी ने शामलात भूमि से अवैध कब्जा हटवाने के लिए जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति और इसके अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार का आभार व्यक्त किया। शिकायतकर्ता ने बताया कि वे इस भूमि पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन का निर्माण करवाना चाहते हैं। इस पर मंत्री ने कहा कि इस सम्बन्ध में ग्राम पंचायत की ओर से प्रस्ताव तैयार कर उपायुक्त को सौंपा जा सकता है, ताकि इसे आवश्यक कार्रवाई के लिए सरकार के पास भेजा जा सके।
गांव टगरा कली राम, वार्ड नंबर 29, नगर परिषद कालका के एक निवासी ने कुछ व्यक्तियों द्वारा उनकी जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत दी। शिकायतकर्ता ने जमीन को कब्जामुक्त करवाने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मामले की जांच के लिए एसडीएम कालका की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कमेटी में नायब तहसीलदार कालका के अलावा जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के चार सदस्य भी शामिल होंगे। मंत्री ने कमेटी को जल्द से जल्द जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि मामले में उचित और समयबद्ध कार्रवाई की जा सके।
गांव ढंडारडू के एक निवासी ने शिकायत में बताया कि 33 कनाल 17 मरले की पैतृक पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। शिकायतकर्ता के अनुसार, न्यायालय ने संपत्ति के हस्तांतरण और निर्माण कार्य पर रोक लगाई हुई है, लेकिन दूसरे पक्ष द्वारा इन आदेशों की अवहेलना की जा रही है। मामले का संज्ञान लेते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि नवंबर में न्यायालय में होने वाली सुनवाई तक संबंधित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण नहीं होने दिया जाए।
रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन एमडीसी सेक्टर -6 के अध्यक्ष ने सेक्टर की मुख्य सड़क पर भैंसा टिब्बा के सामने शाम के समय अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी लगाए जाने की शिकायत दी। उन्होंने बताया कि इसके कारण सेक्टरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने निर्देश दिए कि मौके पर एचएसओ या निरीक्षक स्तर के पुलिस अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाए, जो यह सुनिश्चित करे कि वहां अवैध रूप से रेहड़ी-फड़ी न लगाई जाए और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
