मोहालीः डेराबस्सी के एक जिम के बाहर फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। खुशनसीबी से गोली किसी को नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद आरोपी अपना पिस्टल मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। मौके पर मौजूद युवकों ने पिस्टल पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार जिम के बाहर कुछ युवक खड़े थे। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक वहां पहुंचा और उसकी एक युवक से कहासुनी हो गई।
देखते ही देखते बातचीत हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान मोटरसाइकिल सवार ने पिस्टल निकालकर दूसरे युवक पर तान दिया। हाथापाई के दौरान आरोपी ने गोली चला दी, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। अफरातफरी में उसके हाथ से पिस्टल गिर गया और वह मौके से फरार हो गया। मौजूद लोगों ने पिस्टल पुलिस के हवाले कर दिया।
सूत्रों के अनुसार घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। पुलिस वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। जांच अधिकारी मलकीत सिंह ने टिप्पणी करने से इनकार किया, जबकि थाना प्रभारी सुमित मोर ने स्वास्थ्य ठीक न होने की बात कहते हुए मामले की जानकारी होने से इनकार किया।

