जालंधर: लोकसभा में सुशील रिंकू ने ली शपथ, देखें वीडियो

जालंधर: लोकसभा में सुशील रिंकू ने ली शपथ, देखें वीडियो

जालंधर, ENS: लोकसभा में आप पार्टी के सुशील कुमार रिंकू ने आज संसद सदस्य के रूप में शपथ ली है। आपको बता दें कि आज लोकसभा में आम आदमी पार्टी की एंट्री हो गई है। गौरतलब है कि राज्यसभा में तो आम आदमी पार्टी के कई सांसद हैं। भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा में कोई भी सांसद ''आप’ का नहीं रह गया था। पिछले लोकसभा चुनाव में दिल्ली से आम आदमी पार्टी का कोई भी सांसद निर्वाचित नहीं हो सका था। वहां पर सभी सातों सीटों पर भाजपा की जीत हो गई थी। अब जालंधर उप-चुनाव जीतने के बाद लोकसभा में ''आप’ का इकलौते सांसद के रूप में सुशील रिंकू को अपनी भूमिका निभानी होगी।

बता दें कि जालंधर लोकसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुशील रिंकू ने बड़ी जीत दर्ज की थी। वह 57 हजार से ज्यादा वोटों से उपचुनाव जीते थे। चुनाव से पहले सुशील रिंकू ने हर वर्ग के लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना था। उपचुनाव को लेकर वोटों गिनती सरकारी स्पोर्ट्स कॉलेज में रखी गई थी। हर राजनीतिक पार्टी के कार्यकर्ता अपने उम्मीदवार की जीत के लिए आश्वस्त थे। खास बात यह है कि सुशील कुमार रिंकू कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से ही राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी।

हालांकि, जालंधर लोकसभा उपचुनाव से पहले ही उन्होंने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली। बता दें कि रिंकू 1990 में एनएसयूआई के सक्रिय सदस्य रहे हैं। 1992 में अकाली दल के उपचुनाव के दौरान सुशील कुमार रिंकू ने युवाओं को चुनाव के लिए तैयार किया और बूथ स्तर के कार्यकर्ता के रूप में काम किया।