3 लाख रुपये में दी थी हत्या की सुपारी
बरनालाः जिले के धनौला में कुछ दिन पहले जवंदा पिंडी-भिखी रोड पर एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में मामला सड़क हादसे का लग रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में सामने आया कि युवक की हत्या की गई थी और बाद में इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी।
सड़क किनारे संदिग्ध हालत में मिला था युवक का शव
जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर को धनौला-भिखी रोड पर रेशम सिंह नामक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला था। घटना की सूचना मिलने के बाद धनौला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के सिर पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस को मामला सामान्य सड़क हादसे का नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग पहलुओं से जांच शुरू की। वहीं, मृतक के परिजनों ने भी पुलिस से मामले की गहराई से जांच करने की मांग की थी।
चार साल पहले किया था प्रेम विवाह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक रेशम सिंह और उसकी पत्नी मंजीत कौर ने करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। दोनों की एक छोटी बेटी भी है। रेशम सिंह पराली की गांठों का कारोबार करते थे।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान पता चला कि मंजीत कौर के रेशम सिंह के रिश्ते में बुआ के बेटे बलकार सिंह के साथ कथित तौर पर संबंध थे। रेशम सिंह इस रिश्ते में बाधा बन रहे थे। इसी कारण उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
3 लाख रुपये में दी गई थी हत्या की सुपारी
बरनाला के SP (D) संजीव कुमार गोयल ने बताया कि पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मंजीत कौर ने अपने प्रेमी बलकार सिंह के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई थी। इसके लिए दो युवकों को 3 लाख रुपये में हत्या करने की सुपारी दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, हत्या को अंजाम देने के लिए दोनों युवकों को 50 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे। इसके बाद आरोपियों ने योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया।
लोहे की चीज से सिर पर वार कर की हत्या
पुलिस जांच के मुताबिक, कुलदीप सिंह और राज सिंह ने रेशम सिंह के सिर पर लोहे की किसी वस्तु से वार किया, जिससे उनकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सड़क हादसे का मामला दिखाने की कोशिश की, ताकि किसी को उन पर शक न हो। हालांकि, मृतक के सिर पर चोट के निशान और पुलिस की तकनीकी जांच से पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मंजीत कौर, बलकार सिंह, कुलदीप सिंह और राज सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।
