बरनालाः जिले के कोर्ट कॉप्लेक्स से भाना सिद्धू को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने भाना सिद्धू को जिला अदालत से उस समय हिरासत में लिया जब वह अदालती कार्यवाही के बाद बाहर आ रहे थे। पुलिस टीम उन्हें हिरासत में लेने के बाद सीधे धनौला थाने ले गई है, जहां उन्हें रखा गया है। बताया जा रहा है कि भाना सिद्धू आज एक पुराने केस के सिलसिले में पेशी के लिए बरनाला कोर्ट परिसर में पहुंचे थे।
कोर्ट में पेश होने के बाद उनका जहांगीर फैक्ट्री मामले से जुड़े प्रभावित परिवार से मिलने के लिए निकलने का कार्यक्रम था। प्रभावित परिवार से मिलने जाने से पहले बरनाला पुलिस ने उन्हें कोर्ट परिसर में ही रोक लिया और तुरंत अपनी गाड़ी में बिठाकर हिरासत में ले लिया।
इस पूरी घटना के तुरंत बाद भाना सिद्धू ने सोशल मीडिया पर लाइव होकर यह जानकारी अपने समर्थकों और आम लोगों के साथ साझा की। अपने लाइव के दौरान भाना सिद्धू ने कहा कि पुलिस ने उन्हें कोर्ट परिसर के अंदर से हिरासत में लिया है और फिलहाल उन्हें धनौला थाने में रखा गया है। उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई पर हैरानी जताते हुए सवाल उठाया कि उन्हें किस आधार पर रोका गया है?
फिलहाल इस पूरे मामले पर बरनाला पुलिस के आला अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस प्रशासन ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह सुरक्षा एहतियात के तहत की गई कार्रवाई है या किसी नए केस को लेकर यह कार्रवाई की गई है। लेकिन पुलिस की ओर से अभी तक आधिकारिक बयान आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
