अमृतसरः लछमन सर चौक स्थित सरकारी हाई स्कूल में एक आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में अमृतसर मार्केट कमेटी के चेयरमैन बलजीत सिंह रिंकू विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। लगभग 14 लाख रुपए की लागत से स्कूल में एक नया प्रोजेक्टर, स्क्रीन और आधुनिक वैज्ञानिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
स्कूल की मुख्याध्यापिका सतिंदरबीर कौर ने बताया कि इस आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला के बनने से छात्रों को विज्ञान और गणित की पढ़ाई आधुनिक तरीकों से करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि अब प्रयोगशाला में प्रोजेक्टर, एलसीडी स्क्रीन और कई अन्य आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। इसके अलावा सरकार के सहयोग से स्कूल के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) में भी सुधार किया गया है।
ये प्रयोगशाला छात्रों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगी और उन्हें आधुनिक शिक्षा प्रदान करने में मदद करेगी। इस पहल के लिए पंजाब सरकार का आभार भी व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बलजीत सिंह रिंकू ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी स्कूल को आठ प्रोजेक्टर और स्क्रीन दिए जा चुके हैं। साथ ही, लगभग 35 लाख रुपए की लागत से स्कूल के बुनियादी ढांचे को अपग्रेड किया गया है। उन्होंने बताया कि ‘शिक्षा क्रांति’ के तहत पूरे पंजाब के सरकारी स्कूलों में विज्ञान प्रयोगशालाएं और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अपने निर्वाचन क्षेत्र में स्कूल ऑफ एमीनेंस का जिक्र करते उन्होंने बताया कि सरकार शिक्षा के स्तर को ऊपर उठाने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास कर रही है। इस आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला के उद्घाटन से स्कूली छात्रों को विज्ञान विषयों में प्रायोगिक और तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
