दोस्तों के साथ शराब पीने गया था विपिन, घर के बाहर बेसुध हालत में छोड़कर भागे आरोपी
लुधियानाः ग्यासपुरा इलाके में करवा चौथ की रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान विपिन सिंह के रूप में हुई है, जो चंद्रभान सिंह का बेटा था। परिजनों का आरोप है कि विपिन अपने दोस्तों के साथ शराब पीने गया था। इस दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई। मारपीट इतनी गंभीर थी कि उसके नाक और कान से खून निकलने लगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
दोस्तों के साथ गया था, बाइक पर घर लाकर अधमरी हालत में छोड़ा
मृतक के परिजनों के अनुसार, यह घटना 29 अक्टूबर की है। विपिन अनमोल नाम की दुकान पर संतोष, टिंकू और कुछ अन्य लोगों के साथ बैठा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद आरोपियों ने विपिन पर हमला कर दिया और उसे करीब 50 थप्पड़ मारे। इसके अलावा उसके साथ लात-घूंसों से भी मारपीट की गई। परिवार का कहना है कि मारपीट के कारण उसके कान के पर्दे तक फट गए थे। आरोप है कि मारपीट के बाद दो युवक विपिन को बाइक पर बैठाकर उसके घर लेकर आए। वे उसे घर के बाहर पड़ी खटिया पर बेसुध हालत में छोड़कर वहां से भाग गए।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
परिजनों ने जब विपिन को खून से लथपथ और बेसुध हालत में देखा तो वे उसे तुरंत ओसवाल अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया।
परिजनों का आरोप है कि वे पिछले दो से तीन दिनों से ग्यासपुरा पुलिस चौकी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन पुलिस एफआईआर दर्ज करने में देरी कर रही है। परिवार ने साफ कहा है कि जब तक पुलिस एफआईआर दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती, तब तक वे विपिन का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
पिता के बयान दर्ज कर पुलिस करेगी कार्रवाई
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया कि शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में विपिन सिंह की मौत हुई है। अधिकारी के अनुसार, मृतक के पिता चंद्रभान सिंह उत्तर प्रदेश गए हुए थे। इसी कारण पुलिस उनके वापस आने का इंतजार कर रही थी।
पुलिस ने बताया कि अब मृतक के पिता वापस आ चुके हैं और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयानों के आधार पर जल्द एफआईआर दर्ज की जाएगी और मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिवार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा हुआ है।
