चंडीगढ़: प्रदेश भर में विभिन्न जगहों पर शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। विधानसभा के स्पीकर और हरियाणा के मंत्रियों ने प्रदेश के अलग अलग स्थानों पर बतौर मुख्य अतिथि रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना और राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाकर प्रदेशवासियों को एकता का संदेश दिया।
हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने करनाल शहर के एनडीआरआई चौक पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन के दौरान कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल वह महान व्यक्तित्व थे, जिन्होंने हमारे देश की एकता और अखंडता को साकार रूप दिया। उन्होंने कहा कि आज का दिन पूरे देश के लिए गर्व और प्रेरणा का दिन है, क्योंकि आज हम भारत के लौह पुरुष, महान स्वतंत्रता सेनानी, देश के पहले उप प्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती मना रहे हैं।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पानीपत के शिवाजी स्टेडियम में आयोजित समारोह में कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और मजबूत भारत के निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत की नींव मजबूत की। सरदार पटेल के विचार और उनका राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल के हुडा सेक्टर-2 से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ ने नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग भाषा, संस्कृति, वेशभूषा और परंपराओं के बावजूद हम सभी भारतीय हैं और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता से ही एक मजबूत और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
