चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर घुम्मन शनिवार को CBI कार्यालय पहुंचे। जहां उनसे कई घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद जब वह कार्यालय से बाहर आए, तो उन्होंने मीडिया से बातचीत की और जांच को लेकर अपनी बात रखी।
राजबीर घुम्मन ने बताया कि CBI ने उनसे कई सवाल पूछे, जिनके जवाब उन्होंने दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे और जब भी जांच एजेंसी उन्हें बुलाएगी, वह पेश होने के लिए तैयार हैं।
राजबीर घुम्मन ने बताया कि CBI ने उन्हें 4 नवंबर को पूछताछ के लिए दोबारा बुलाया है। उन्होंने कहा कि वह जांच एजेंसी के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही उन्हें इस मामले में क्लीन चिट मिल जाएगी। हालांकि, मामले की जांच अभी जारी है।
मामले को बताया राजनीतिक प्रोपेगेंडा
CBI कार्यालय से बाहर आने के बाद राजबीर घुम्मन ने इस मामले को राजनीतिक प्रोपेगेंडा बताया। उनका कहना है कि वह जांच में सहयोग कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही सच्चाई सामने आ जाएगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान राजबीर घुम्मन से आम आदमी पार्टी की पहली उम्मीदवार सूची जारी होने को लेकर भी सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई में आम आदमी पार्टी 2027 में एक बार फिर बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने पार्टी की जीत को लेकर भरोसा जताया।
