चंबाः हिमाचल प्रदेश में जिला चंबा के तीसा क्षेत्र में नशे के सौदागरों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नॉर्थ रेंज कांगड़ा ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसटीएफ की टीम ने देर रात लिंक रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 9 किलो 28 ग्राम चरस की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से कार सवार एक युवक को गिरफ्तार कर वाहन सहित मादक पदार्थ को अपने कब्जे में ले लिया है।
एसटीएफ नॉर्थ रेंज कांगड़ा की टीम 31 अक्टूबर की देर रात करीब 12:50 बजे तीसा क्षेत्र के तहत खाखरी डैम साइट लिंक रोड पर गश्त व विशेष नाकाबंदी पर तैनात थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया। जिस पर कार की तलाशी ली तो उसमें से 9 किलो चरस बरामद की गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि ये नशा वह किससे खरीद कर लाया था और आगे कहां पहुंचाना था। पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा बेचने और करने वालों की सूचना पुलिस को दे ताकि इन पर कार्रवाई कर देवभूमि को नशामुक्त किया जाए।
