नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में मौसम की करवट के बीच धुंध की चादर भी मोटी होती जा रही है। शनिवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में हल्की धुंध (शैलो फॉग) छाने से दृश्यता (विजिबिलिटी) में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी के प्रमुख मौसम स्टेशनों पर दृश्यता का स्तर 1,000 मीटर से नीचे आ गया। आने वाले दिनों में मौसम बदलने के साथ ही यह समस्या बढ़ती जाएगी। मौसम विभाग द्वारा 31 अक्टूबर 2026 की सुबह 06:30 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार सफदरजंग में दृश्यता घटकर 500 मीटर रह गई है, जो कल इसी समय 4,000 मीटर दर्ज की गई थी।
अधिकारियों के मुताबिक, सफदरजंग में रात 02:30 बजे से स्थिति स्थिर बनी हुई है। पालम हवाई अड्डे पर भी दृश्यता गिरकर 800 मीटर पर पहुंच गई है, जबकि कल इस दौरान दृश्यता 4,000 मीटर थी। पालम में सुबह 5:00 बजे से दृश्यता का यही स्तर बना हुआ है। उड़ानों पर असर की संभावना कम भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मानकों के अनुसार, 999 से 500 मीटर की दृश्यता को ‘हल्का कोहरा/धुंध’ की श्रेणी में रखा जाता है। फिलहाल, दोनों केंद्र इसी श्रेणी में आते हैं। हालांकि, हल्की धुंध से विमान सेवाओं पर व्यापक असर की संभावना कम रहती है, फिर भी सर्दियों की शुरुआत के साथ सुबह यात्रा करने वाले यात्रियों को उड़ानों की स्थिति और सड़क यातायात के अपडेट जांचने की सलाह दी गई है।
