लुधियानाः जिले के सलेम टाबरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते जालंधर बाईपास चौक पर एक बार फिर से डॉ. बीआर अंबेडकर की मूर्ति का शीशा तोड़ने की घटना सामने आई है। इस घटना को लेकर लोगों में भारी रोष पाया जा रहा है। घटना का पता चलते ही लोग तुरंत जालंधर बाईपास चौक पर एकत्रित होने लगे। जिसेक बाद एडवोकेट नरिंदर आदिया की अगुवाई में लोगों द्वारा धरना लगा दिया गया। वहीं घटना सूचना मिलते ही सलेम टाबरी थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे चौधरी यशपाल ने इस कृत्य की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, “यह एक बेहद निंदनीय घटना है। प्रशासन को तुरंत इस बात की गहन जांच करनी चाहिए कि आखिर यह शीशा कैसे टूटा। अगर किसी शरारती तत्व ने माहौल खराब करने के लिए ऐसा किया है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद एक बार फिर शीशा टूटने की घटना ने सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि शीशा किसी ने जानबूझकर तोड़ा है या यह कोई हादसा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही असल कारणों का पता चल सकेगा। गौरतलब है कि इस चौक पर पहले भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। अभी कुछ समय पहले ही किसी अज्ञात व्यक्ति ने मूर्ति पर हार डाल दिया था, जिसे लेकर काफी विवाद हुआ था। उस घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर और शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए प्रशासन द्वारा वहां सीसीटीवी कैमरे भी इंस्टॉल किए गए थे।
