लुधियाना: गिल पिंड इलाके में राधा स्वामी सत्संग घर के पास स्थित ऑटो स्पेयर पार्ट्स के एक बड़े गोदाम में भीषण आग लग गई। यह गोदाम फास्टवे ऑफिस के ठीक साथ स्थित है जहां टेक्नो ऑटो के नाम से टाटा कंपनी के भारी मात्रा में स्पेयर पार्ट्स रखे सेल किए जाते हैं। आग इतनी भयंकर है कि देखते ही देखते इसने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग बुझाने के लिए अब तक फायर ब्रिगेड की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं।
ऑफिस और वेयरहाउस एक साथ होने के कारण काफी अफरा-तफरी का माहौल है। जानकारी के अनुसार यह गोदाम करीब 2000 गज के बड़े क्षेत्रफल में फैला हुआ है। अंदर भारी मात्रा में ऑटो पार्ट्स पैकेजिंग मटेरियल और अन्य सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैली और लपटों ने विकराल रूप ले लिया।
गोदाम के मालिक फिलहाल दिल्ली में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें वेयरहाउस से स्टाफ का फोन आया था, जिससे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। खबर मिलते ही वे तुरंत दिल्ली से लुधियाना के लिए रवाना हो गए हैं। उनका कहना है कि इस घटना में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है, इसका सही अंदाजा वे लुधियाना पहुंचकर ही लगा पाएंगे। फिलहाल मौके पर बचाव कार्य जारी है।
