ऊना। जिला पुलिस ऊना ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डीसी चौक ऊना में एक टेम्पो ट्रैवलर से अंग्रेजी शराब की 12 बोतलें बरामद की हैं। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 और 30 अक्तूबर की मध्यरात्रि को पुलिस चौकी शहर ऊना के प्रभारी एसआई अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम डीसी चौक पर यातायात चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान एक टेम्पो ट्रैवलर की नियमानुसार तलाशी ली गई तो गाड़ी की डिक्की से अंग्रेजी शराब की 12 बोतलें मार्का रॉयल स्टैग बरामद हुईं। चालक शराब से संबंधित कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने चालक वीरेंद्र कुमार निवासी गांव कटयालू, डाकघर डोहग देहरियां, तहसील ज्वालामुखी, जिला कांगड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी जांच जारी है।
