होशियारपुरः फिरोजपुर के बहुचर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी की जेल में सदिंग्दध परिस्थतियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान भुवनेश चोपड़ा उर्फ आशीष के रूप में हुई है। भुवनेश चोपड़ा नामी गैंगस्टर था और इस समय होशियारपुर जेल में बद था। मिली जानकारी के अनुसार कुछ समय से बीमार चल रहे आशीष की रात को तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मामले में पोस्टमार्टम करवाने के साथ न्यायिक जांच भी करवाई जाएगी। आशीष की मौत से फिरोजपुर में 3 सितंबर 2024 को हुए तिहरे हत्याकांड से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
3 सितंबर 2024 को हुए ट्रिपल मर्डर केस में मुख्य आरोपी आशीष चोपड़ा को पुलिस ने 12 मार्च 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। जांच से जुड़ी जानकारी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के तालमेल से उसकी लोकेशन मध्य एशिया के एक देश में मिली थी।
इसके बाद उसे वहां से डिपोर्ट करवाकर भारत लाया गया और दिल्ली एयरपोर्ट पर काबू कर लिया गया। पुलिस जांच से जुड़ी जानकारी के मुताबिक, आशीष के कथित तौर पर पाकिस्तान के नशा तस्करों से भी संबंध थे और हेरोइन तस्करी के नेटवर्क में उसकी भूमिका की बात सामने आई थी। फिरोजपुर के तिहरे हत्याकांड में उसका नाम प्रमुखता से सामने आने के बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। अब होशियारपुर जेल में उसकी मौत के बाद पोस्टमार्टम और न्यायिक जांच के जरिए मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।
