जालंधर, ENS: संजय गांधी नगर रोड पर नशे में धुत अनियंत्रित ट्रक चालक ने सड़क किनारे स्थित चाय-कोल्ड ड्रिंक की दुकान में टक्कर मार दी। इस हादसे में दुकान की दीवार, टीन की छत और सारा सामान ढह गया। घटना के दौरान दुकान में मौजूद पति-पत्नी ने समय रहते भागकर अपनी जान बचा ली। पीड़ित दंपत्ति सरबजीत और संगीता ने बताया कि वे रात का खाना खाने के बाद दुकान के बाहर चारपाई बिछाकर सोने की तैयारी कर रहे थे।
इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधे उनकी दुकान की ओर आने लगा। खतरा भांपते ही दोनों तुरंत पीछे सीढ़ियों की तरफ भागे। उनके हटते ही ट्रक ने इमारत में ज़ोरदार टक्कर मारी, जिससे दीवार का ऊपरी हिस्सा (बनेरा) और टीन की छत नीचे आ गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोहे का काउंटर, बेड, चारपाई और दुकान में रखा सारा सामान मलबे के नीचे दबकर चकनाचूर हो गया। पीड़ित सरबजीत के अनुसार, ट्रक चालक भारी नशे में धुत था, जिसके कारण वह गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा।
हादसा अंजाम देने के बाद आरोपी ड्राइवर रुकने के बजाय तेज रफ्तार में ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिवार दुकान किराए पर लेकर चाय व शीतल पेय बेचकर अपना गुजारा करता है। इस हादसे में उनका करीब 1.5 से 2 लाख रुपये का सामान पूरी तरह नष्ट हो गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सुबह पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने आरोपी ट्रक का नंबर नोट कर लिया है और फरार चालक की तलाश में जुट गई है।