शिमला: कृषि विभाग के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि कृषि अभियांत्रिकी के अंतर्गत प्रदेश में कृषि के मशीनीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि मशीनरी पोर्टल को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 25 अक्तूबर, 2026 को दोपहर 12 बजे से पुनः सक्रिय किया जा रहा है। इसके माध्यम से पात्र किसान विभिन्न कृषि उपकरणों एवं मशीनरी की खरीद के अनुदान के लिए आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार पहाड़ी क्षेत्रों में खेती को अधिक सुगम, आधुनिक एवं लाभकारी बनाने के लिए किसानों को पावर टिलर, पावर वीडर सहित विभिन्न कृषि उपकरण उपलब्ध करवा रही है। कृषि विभाग द्वारा सब-मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के अंतर्गत किसानों को कृषि उपकरणों की खरीद पर अनुदान प्रदान किया जाता है। इच्छुक किसान विभाग के डीबीटी पोर्टल agrimachinery.nic. in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि लघु एवं सीमांत किसानों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा महिला किसानों को पात्रता एवं निर्धारित नियमों के अनुसार कृषि उपकरणों की खरीद पर 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किया जाएगा। प्रवक्ता ने किसानों से आग्रह किया कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर पोर्टल पर आवेदन करें तथा कृषि मशीनरी खरीदते समय केवल भारत सरकार से पंजीकृत फर्म एवं स्वीकृत मॉडल का ही चयन करें, ताकि उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।