हिंगोलीः महाराष्ट्र के हिंगोली में पेट्रोल पंप सील करने पहुंचे इंडियन ऑयल कारपोरेशन के मैनेजर का बेरहमी से कत्ल कर दिया गया। मृतक की पहचान महेश शेलके के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार मैनेजर का सरेआम चाकू से गोदकर कत्ल किया गया। वहीं इस घटना को लेकर पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पेट्रोल पंप की जांच के दौरान इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अधिकारी महेश शेलके मामले में महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान श्रवण वाकुडे, राहुल धाइजे, उमेश पांडवीर और लता पांडवीर के तौर पर हुई है।
पुलिस ने इंडियन ऑयल कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी की शिकायत पर हत्या, गैर-कानूनी रूप से इकट्ठा होने, दंगा करने और आपराधिक धमकी देने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक शेलके और उनकी टीम करीब साढ़े 4 बजे बसमत तहसील में एक पेट्रोल पंप को सील करने पहुंची थी। आरोप है कि तभी पंप मालिक के परिवार के सदस्यों और घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों के साथ उनकी बहस हो गई। पुलिस ने बताया कि यह विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया और शेलके पर चाकू से कई वार किए गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
आरोप है 10 सेकेंड में महेश शेलके पर 20 से ज्यादा वार किए गए। बताया जा रहा है कि ये इंडियन ऑयल का ये पेट्रोल पंप पिछले तीन महीनों से बंद पड़ा था। महेश शेलके और उनकी टीम इस पेट्रोल पंप को सील करने आए थे लेकिन पंप मालिक के रिश्तेदारों और वहां मौजूद कर्मचारियों ने चाकू से हमला कर उनको मौत के घाट उतार दिया। शेलके पर जानलेवा हमले के बाद केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने महाराष्ट्र के अधिकारियों से तुरंत कार्रवाई की मांग की थी।
हरदीप सिंह पुरी ने एक्स हैंडल पर कहा कि महाराष्ट्र में इंडियन ऑयल के मैनेजर (रिटेल सेल्स) महेश शेलके की अपनी ड्यूटी के दौरान हुई दुखद मौत से मुझे गहरा सदमा और दुख पहुंचा है। वह हिंगोली ज़िले में इंडियन ऑयल के एक रिटेल आउटलेट का कामकाज अपने हाथ में लेने वाली टीम का हिस्सा थे, तभी उन पर धारदार हथियार से बेरहमी से हमला किया गया। मैं हिंसा की इस घिनौनी और अस्वीकार्य घटना की कड़ी निंदा करता हूं। मैं पीड़ित परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।हम पूरी तरह से उनके साथ खड़े हैं और हर संभव मदद देंगे।
उन्होंने कहा कि इस मामले को महाराष्ट्र सरकार और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने उठाया गया है ताकि दोषियों के खिलाफ़ कानून के मुताबिक़ जल्द और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। वहीं, इंडियन ऑयल के चेयरमैन ए एस साहनी ने कहा कि कंपनी ने “महाराष्ट्र के शीर्ष अधिकारियों” के साथ यह मामला उठाया है और दोषियों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की मांग की है। जिम्मेदार लोगों के खिलाफ़ कार्रवाई की मांग की। साहनी ने कहा, “महाराष्ट्र के हिंगोली में अपनी सरकारी ड्यूटी के दौरान जानलेवा हमले में मारे गए हमारे साथी श्री महेश शेल्के की दुखद मौत से हमें गहरा दुख हुआ है।”
