भरोहिया: गोरखपुर-सोनौली हाईवे स्थित गोलिगंज के दुर्गा ऑटोमोबाइल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने को लेकर 2 बाइक सवार युवकों और कर्मचारियों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसमें पंप के दो कर्मचारी घायल हो गए। घटना के चलते करीब एक घंटे तक पेट्रोल पंप पर कामकाज ठप रहा। जानकारी के अनुसार, भावनबारी निवासी अरुण और अर्जुन सुबह बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे।
अरुण का आरोप है कि उन्होंने पेट्रोल के लिए 210 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया था। इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार ने 110 रुपये का पेट्रोल भरवाने के लिए नकद भुगतान किया। आरोप है कि पंपकर्मी गोलू ने अरुण की बाइक में 210 रुपये के बजाय 110 रुपये का ही पेट्रोल भरा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। विवाद बढ़ने पर पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने तक दोनों पक्षों के कई लोग मौके पर जुट गए थे।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और डंडे चले। इस दौरान पंप पर अफरा-तफरी मच गई और ग्राहक अपनी बाइक छोड़कर वहां से भागने लगे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। डायल 112 के सिपाही भीम यादव की सूचना पर थाने से तीन दरोगा समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे। इसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई। पुलिस ने अरुण और अर्जुन को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। घायल कर्मचारी सोनू और गोलू को इलाज के लिए भेजा गया। एहतियात के तौर पर पेट्रोल पंप पर पुलिस तैनात की गई है। पंप मालिक के आने के बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी जाएगी।
