मुंबईः पश्चिमी उपनगर गोरेगांव में आरे मेट्रो स्टेशन के नीचे बस में अचानक आग लग गई। पहले बस से धुआं निकलता दिखा और इसके बाद आग की लपटें उठने लगीं। आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। इसकी वजह से मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित हुईं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने से पहले या इसी दौरान धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर अफरा-तफरी रही। चश्मदीदों के मुताबिक, किसी तकनीकी खराबी की वजह से बस में आग लगी थी। गनीमत रही कि उस वक्त बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
ड्राइवर भी समय रहते बस से नीचे उतर चुका था। ऐसे में इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। आग की वजह से स्टेशन के नीचे और आसपास धुएं का बड़ा गुबार देखने को मिला। मेट्रो स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। धुएं की वजह से कई यात्रियों को मेट्रो से उतरना पड़ा। कुछ समय के लिए मेट्रो को स्टेशन पर रोकना भी पड़ा। इस घटना के दौरान सिर्फ मेट्रो सेवा ही प्रभावित नहीं हुई, बल्कि पश्चिम द्रुतगति महामार्ग से गुजर रहे कई वाहन भी ट्रैफिक में फंस गए। सड़क किनारे भी काफी धुआं देखने को मिला। बस में आग की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची।
इसके अलावा 108 एंबुलेंस सेवा और मेट्रो प्रशासन की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद सड़क से जली हुई बस को हटाया गया। प्रभावित हिस्से को साफ किया गया। इसके बाद वहां ट्रैफिक फिर से शुरू हो गया। शुरुआती जांच में बस में आग लगने की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। हालांकि अभी आग लगने का सही कारण साफ नहीं हुआ है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों की ओर से बस की विस्तृत जांच की जाएगी। इसके बाद पता चलेगा कि आग किस वजह से लगी। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।