मानसाः परविंदर सिंह झोटा कत्ल केस में पूर्व WWE रेसलर द ग्रेट खली (दिलीप सिंह राणा) ने पीड़ित परिवार के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की है। द ग्रेट खली ने परविंदर सिंह झोटा के पिता और परिवार से दुख सांझा किया। उन्होंने झोटा के पिता से कहा, “आप हौसला रखें, आपको डरने की ज़रूरत नहीं है। खली ने परविंदर झोटा के पिता से मिलकर उन्हें मजबूत रहने की सलाह दी और कहा कि पूरा पंजाब तथा देश इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।
बता दें कि आज परविंदर सिंह झोटा के शव का पोस्टमार्टम पीजीआई में हुआ। झोटा के पोस्टमार्टम के दौरान शनिवार को पीजीआई चंडीगढ़ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पंजाब पुलिस के साथ चंडीगढ़ पुलिस, सीबीआई की टीम और सीआरपीएफ के जवान भी मौके पर तैनात रहे। पंजाब पुलिस की दो गाड़ियां पोस्टमार्टम के दौरान पीजीआई में मौजूद रहीं। बताया जा रहा है कि सुबह 5 बजे उनका शव मानसा ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं उनके पिता मानसा के एसएसपी के तबादले की मांग पर अड़े हुए हैं।
इससे पहले सुबह 10 बजे पोस्टमार्टम का प्रयास किया गया लेकिन कामयाबी नहीं मिली। चंडीगढ़ पीजीआई से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शव ज्यादा दिनों तक फ्रीजर में रखने के कारण अंदर से पूरी तरह सख्त हो चुका है। शव का अंदरूनी पोस्टमार्टम नहीं हो पा रहा। इसके बाद शव को हीट देकर शव के अंदरूनी हिस्से को थोड़ा ढीला करने के बाद पोस्टमार्टम किया गया।
