सेक्टर-1 व सेक्टर-2 बाजार के लीज शुल्क में राहत और ब्याज वसूली रोकने की मांग
ऊना,सुशील पंडित: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नया नंगल के एनएफएल सेक्टर-1 और सेक्टर-2 बाजार के दुकानदारों की लंबे समय से चली आ रही लीज की समस्या को केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के सामने उठाया है। उन्होंने दुकानदारों को राहत देने के लिए लीज शुल्क कम करने और जमा हो रहे ब्याज की वसूली पर रोक लगाने का आग्रह किया है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने मामले को संबंधित विभाग से जांच करवाने की जानकारी दी है।
मुकेश अग्निहोत्री ने केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में बताया कि इन दोनों बाजारों की दुकानें कई दशक पहले आवंटित की गई थीं। इन दुकानों से कई परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। समय के साथ लीज शुल्क की व्यवस्था में बदलाव होने से पुराने दुकानदारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने दुकानदारों की स्थिति और पुरानी शर्तों को देखते हुए लीज शुल्क की दोबारा समीक्षा करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि लीज से जुड़ा मामला कई वर्षों तक चलता रहा और वर्ष 2024 में इसका फैसला हुआ। दुकानदारों ने मूल लीज बकाया राशि का भुगतान कर दिया है, लेकिन अब लंबे समय से जमा हुए ब्याज की वसूली का मामला सामने है।
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि एक मामले में फरवरी 2011 से जून 2026 तक 9 प्रतिशत सालाना चक्रवृद्धि ब्याज के हिसाब से करीब 7.91 लाख रुपये ब्याज बन रहा है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी राशि छोटे दुकानदारों के लिए भारी बोझ है। इसलिए उन्होंने ब्याज माफ करने या रियायती दर पर साधारण ब्याज लेकर एकमुश्त समाधान करने का आग्रह किया।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से दुकानों के लीज नवीनीकरण और शुल्क की पूरी व्यवस्था की दोबारा समीक्षा करने का भी अनुरोध किया, ताकि पुराने दुकानदारों को उचित राहत मिल सके। केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मुकेश अग्निहोत्री के पत्र के जवाब में कहा है कि वह इस मामले की संबंधित विभाग से जांच करवा रहे हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने उम्मीद जताई कि जांच के बाद दुकानदारों के हित में उचित फैसला होगा और नया नंगल के दुकानदारों तथा उनके परिवारों को लंबे समय से चली आ रही इस समस्या से राहत मिलेगी।
