कोटाः बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग केस में पुलिस ने राज्स्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इनमें से 2 हरियाणा के हैं, जबकि 1 महाराष्ट्र का आरोपी शामिल है। जुहू पुलिस ने इससे पहले 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109(1) और 3(5) तथा आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि आरोपी मुंबई से दिल्ली जा रही ट्रेन में सवार हुए थे। कोटा रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने ट्रेन से तीनो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। मुंबई पुलिस ने मामले की जांच के लिए 15 टीमें बनाई हैं। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरे इलाके की रेकी की थी। उन्होंने टाइगर की गतिविधियों पर नजर रखी और पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया।
हमलावरों को पता था कि टाइगर फुटबॉल खेलने के लिए पुष्पा पार्क आए हैं। वे करीब 45 मिनट तक पुष्पा पार्क के बाहर टाइगर का इंतजार करते रहे। जैसे ही टाइगर बाहर निकले, हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चला दीं। वारदात के लिए हमलावरों ने पल्सर बाइक का इस्तेमाल किया। फायरिंग के बाद वे मौके से फरार हो गए और अपनी बाइक अंधेरी रेलवे स्टेशन के बाहर छोड़ दी। पुलिस ने स्टेशन के बाहर से बाइक बरामद की है। शुरुआती जांच में पता चला है कि बाइक मुंबई में रजिस्टर्ड है। अब पुलिस नंबर प्लेट, चेसिस और इंजन नंबर के जरिए उसका रिकॉर्ड खंगाल रही है।
