रोहतकः पहलवान ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी की लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी। बुधवार देर रात करीब 12 बजे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उसने एक के बाद एक कई वार किए। जिसके बाद पत्नी की गंभीर चोट लगने से मौके पर मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। आरोपी पहलवान मोखरा छाजान की सरपंच नीतू के ताऊ का बेटा है। उधर, सूचना मिलने पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस और FSL टीम मौके पर पहुंची।
आरोपी की पहचान मोखरा गांव निवासी नरेश और मृतका की पहचान मीना (36) के रूप में हुई है। मीना और नरेश के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात करीब 12 बजे दोनों के बीच फिर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर नरेश ने लोहे की रॉड उठाकर मीना पर कई वार किए। हमले में मीना की मौत हो गई। वारदात के बाद नरेश घर से फरार हो गया।
बताया जा रहा है कि मीना और नरेश के दो बच्चे हैं। जिनमें एक बेटा और एक बेटी है। मां की हत्या के बाद दोनों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। पुलिस अब वारदात के कारणों और आरोपी के फरार होने के बाद उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है।
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि महिला की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में पहुंचा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

