लालड़ूः गांव बल्लोपुर में ढाई वर्षीय मासूम गुरसाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दोपहर घर के सामने गली में खेलते समय अचानक लापता हुए बच्चे का शव रविवार को पड़ोसियों के मकान की छत से बरामद हुआ। जिस मासूम को परिवार और ग्रामीण रातभर तलाशते रहे, उसका शव घर के इतने करीब मिलने से हर कोई स्तब्ध है। जानकारी के अनुसार गांव बल्लोपुर निवासी गुरविंदर सिंह का ढाई वर्षीय बेटा गुरसाज शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घर के सामने गली में खेल रहा था। बच्चे के दादा बहादुर सिंह, जो टायर पंचर लगाने का काम करते हैं।
उनके मुताबिक करीब 20 मिनट बाद जब परिवार ने बच्चे को देखा तो वह वहां से गायब था। परिवार ने आसपास की गलियों, मोहल्ले और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने लालड़ू पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर बच्चे को तलाशने की गुहार लगाई। रविवार को उस समय परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब पड़ोसियों के मकान की छत से मासूम गुरसाज का शव मिलने की सूचना मिली। घर के सामने खेल रहे बच्चे का अगले दिन पड़ोसी की छत पर शव मिलना कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
इस दर्दनाक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। गली में खेल रहा ढाई साल का बच्चा आखिर अचानक कहां चला गया? परिवार की रातभर तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग क्यों नहीं मिला? सबसे बड़ा सवाल यह है कि बच्चे का शव पड़ोसियों के मकान की छत पर किन परिस्थितियों में पहुंचा? क्या यह कोई हादसा था या घटना के पीछे कोई आपराधिक पहलू है? फिलहाल इन सभी सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। मासूम की मौत की खबर मिलते ही डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर दुख व्यक्त किया और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक ने पुलिस प्रशासन को मामले की गंभीरता से जांच करने तथा यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मासूम की मौत बेहद दुखद है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए। परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से गांव में शोक की लहर है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा नेता गुरदर्शन सिंह सैनी भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों के साथ दुख साझा किया। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के नेता भी परिवार के साथ दुख प्रकट करने पहुंचे और इस दुख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया।
शव मिलने के बाद लालड़ू थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। पुलिस बच्चे के लापता होने के समय से लेकर शव बरामद होने तक की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चा पड़ोसियों की छत पर कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उधर, मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक के साथ-साथ भय का माहौल बना हुआ है।
