रोहतकः कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सुरक्षा में तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (एएसआई) प्रदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है। प्रदीप उस समय अपने पैतृक गांव मोखरा स्थित घर पर मौजूद थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें सर्विस पिस्टल से गोली लगी है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एएसआई प्रदीप बुधवार देर रात अपने घर पर थे। इसी दौरान गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की घटना का पता चलते ही परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
बताया जा रहा है कि प्रदीप वर्ष 2003 में कमांडो के पद पर भर्ती हुए थे। जिसके बाद वह पुलिस विभाग में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते रहे। पिछले काफी समय से वह कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की सुरक्षा में बतौर पीएसओ तैनात थे। प्रदीप को मिलनसार और हंसमुख स्वभाव का व्यक्ति बताया जा रहा है। उनकी अचानक मौत से परिवार के सदस्य और परिचित सदमे में हैं। प्रारंभिक तौर पर सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या करने की चर्चाएं सामने आई हैं, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आत्महत्या सहित विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

