चंडीगढ़: कर्मचारियों के मुद्दों और चिंताओं के समाधान के लिए गठित कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन एवं पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आज कार्यस्थलो पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अहम निर्देश जारी किए। उन्होंने सभी प्रशासनिक विभागों को महिलाओं का कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 (पॉश एक्ट) के तहत आंतरिक समितियों के गठन संबंधी पूर्ण अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मंत्री ने यह भी आदेश दिया कि समिति के सदस्यों के नाम विभागीय नोटिस बोर्डों और आधिकारिक वेबसाइटों पर प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं।

महिला कर्मचारी समन्वय समिति पंजाब के साथ बैठक के दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने सामाजिक सुरक्षा एवं महिला तथा बाल विकास विभाग को सभी प्रशासनिक विभागों से पूर्ण अनुपालन रिपोर्ट प्राप्त करने के निर्देश दिए। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा, “यह रिपोर्ट महिलाओं का कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न (रोकथाम, निषेध एवं निवारण) अधिनियम, 2013 (पॉश एक्ट) के तहत आवश्यक समितियों के गठन की पुष्टि करेगी।”
वित्त मंत्री ने विभाग को यह स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने के भी निर्देश दिए कि सभी समिति सदस्यों के नाम विभागीय नोटिस बोर्डों और आधिकारिक वेबसाइटों पर प्रमुखता से प्रदर्शित करना अनिवार्य किया जाए।

