जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, महिला और उसके बेटे सहित दोनों पक्षों ने लगाए मारपीट के आरोप
ऊना। हरोली थाना क्षेत्र के धर्मपुर में विवादित भूमि की निशानदेही के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष की कुन्ता देवी पत्नी स्वर्गीय बख्शीश निवासी वार्ड नंबर-2 धर्मपुर ने आरोप लगाया है कि 5 नवंबर को विवादित भूमि की निशानदेही के दौरान दूसरे पक्ष के बलविन्द्र सिंह, सरोज, सुनील कुमार, रीना देवी और हन्नी ने उनके तथा उनके बेटे के साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस दौरान उन्हें चोटें आई हैं। वहीं, दूसरे पक्ष की सरोज पत्नी मदन लाल निवासी धर्मपुर ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि निशानदेही के दौरान रजिन्द्र कुमार, कुन्ता देवी, सेठी लाल, संदीप कुमार, फिना, रजनी, रितू और बवली ने उनके तथा उनके पति के साथ मारपीट की। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को लेकर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। मामले की जांच जारी है।
