नई दिल्लीः सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में धमाकेदार रिकवरी देखने को मिली है। पिछले सात दिनों से बाजार में जारी लगातार गिरावट पर ब्रेक लग गया है। भारतीय शेयर बाजार में वीरवार को तेजी के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। मजबूत वैश्विक संकेतों का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दिया और निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 545 अंक उछल गया, जबकि निफ्टी भी 24,200 के स्तर को पार कर गया। IT, बैंकिंग और FMCG समेत कई प्रमुख सेक्टर में खरीदारी देखने को मिली। 20 अगस्त को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 545.29 अंक की बढ़त के साथ 77,454.97 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 134.80 अंक चढ़कर 24,213.10 पर कारोबार करता नजर आया।
बाजार में तेजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुरुआती कारोबार में करीब 1,402 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 544 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। 145 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। बता दें कि बाजार में पिछले 7 कारोबारी दिनों से लगातार गिरावट का रुझान बना हुआ था। हालांकि, मार्केट एनालिस्ट का मानना है कि इस तेजी से निचले स्तरों पर शॉर्ट-कवरिंग को बढ़ावा मिला है, जिससे आने वाले दिनों में बाजार में हल्की रिकवरी की संभावना नजर आ रही है।

