लुधियानाः थाना कोतवाली के अंतर्गत आने वाले घंटा घर चौंक 12 के पास देर रात नौजवान का गोलियां मारकर कत्ल कर दिया गया। दरअसल, बस स्टैंड के पास मामूली विवाद के बाद कार सवार बदमाशों ने एक 39 वर्षीय युवक पर फायरिंग कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान 39 वर्षीय सोनो के रूप में हुई है। मृतक फोटोग्राफर था और उसके 2 बच्चे है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात सोनो एक जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान जब वह स्थानीय बस स्टैंड के पास पहुंचा, तो किसी बात को लेकर उसकी कार सवार कुछ युवकों के साथ बहस हो गई। देखते ही देखते बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इसी बीच, कार सवार बदमाशों में से एक ने अपने पास रखी पिस्तौल निकाली और सोनो पर सीधा फायर कर दिया। गोली लगने से मोनू गंभीर रूप से घायल होकर वहीं सड़क पर गिर पड़ा। घटना के तुरंत बाद आरोपी अपनी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने खून से लथपथ सोनो को उठाया और आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए। लेकिन, उसकी हालत बेहद गंभीर थी और अस्पताल पहुंचने तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

