संगत ने सरोवर के किनारों पर दीपमाला कर रोशन किया गुरु का दरबार
अमृतसरः सिख धर्म के लिए महत्वपूर्ण बंदी छोड़ दिवस और दिवाली के ऐतिहासिक और पवित्र अवसर पर सचखंड श्री दरबार साहिब में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस पावन दिन के सम्मान में सुंदर दीपमाला और रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा। गहरी श्रद्धा से भरे श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब की परिक्रमा मार्ग में सरोवर के किनारों पर मिट्टी के दीयों की कतारें सजाईं। दीयों की रोशनी से सरोवर के आसपास का क्षेत्र बेहद मनमोहक लग रहा था। रात में हुई शानदार आतिशबाजी ने जश्न को ओर भी यादगार बना दिया। आसमान में बिखरी रंग-बिरंगी रोशनी को देखकर वहां मौजूद सभी लोग मंत्रमुग्ध हो गए।
दिवाली और बंदी छोड़ दिवस पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नमन करने के लिए सचखंड श्री दरबार साहिब पहुंचे। सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जो गुरु के दरबार में नतमस्तक हुए और सबके भले (सरबत दा भला) के लिए प्रार्थना की। इस दौरान संगत ने गुरबानी कीर्तन का आनंद लिया और रोशनी व आतिशबाजी के मनमोहक दृश्यों को अपने कैमरों में कैद किया। पूरा श्री दरबार साहिब परिसर आध्यात्मिकता, गहरी श्रद्धा और आनंद के माहौल में डूबा हुआ लग रहा था।
