गुरदासपुरः जिले के सीमावर्ती इलाके से एक पाकिस्तानी ड्रोन मिलने का मामला सामने आया है। जहां, डेरा बाबा नानक कस्बे के पास स्थित गांव पखोके महिमाड़ा से पुलिस ने एक ड्रोन बरामद किया है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
एंटी-ड्रोन डिवाइस ने पकड़े सिग्नल
डेरा बाबा नानक के एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि सरकार की ओर से सुरक्षा के लिए एंटी-ड्रोन डिवाइस लगाए गए हैं। इस डिवाइस ने पाकिस्तान की तरफ से आने वाले कुछ सिग्नल पकड़े थे। जांच के दौरान इन सिग्नल की लोकेशन गांव पखोके महिमाड़ा की एक जगह पर मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस, ड्रोन बरामद
सिग्नल मिलने के तुरंत बाद डेरा बाबा नानक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां तलाशी के दौरान एक ड्रोन बरामद हुआ। पुलिस ने ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि ड्रोन कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस काम के लिए किया जाना था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
